30 मिनट में बनायें स्वादिष्ट पौष्टिक खाना

Share

प्रिय पाठकों ,

आज के समय में नौकरीपेशा महिला हो या घर पर रह कर दिन भर काम करने वाली महिला, सभी के पास काम की लाइन लगी होती है और कोई भी अपना पूरा समय रसोई में व्यतीत नही करना चाहता। आज जब सबके पास वक्त की कमी है और बाहर खाने का ट्रेंड बहुत बढ़ गया है तब यह चटपट बनने वाली थाली आपकी बहुत मदद करती है. आज हम आपको उत्तर प्रदेश में रोजाना में बनने वाले खाने को बनाना सिखाने जा रहे हैं। इस थाली में है दाल चावल रोटी और सब्जी। यहाँ हम यह मानकर चल रहे हैं कि घर पर दो प्रेशर-कुकर हैं। और आपके पास 2 चूल्हे वाला गैस बर्नर है।

कच्चा खाना

आज हम आपको तुअर/अरहर की दाल, सूखे आलू, चावल और रोटी बनाना बता रहे हैं। यह खाना उत्तर भारत में रोजाना में बनता है. इस खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए आप अपने समय और बजट के हिसाब से इसमें सलाद, पापड़, दही, चटनी इत्यादि और जोड़ सकते हैं.

चलिए हमारा समय शुरू होता है अब-

  1. कुकर में आलू लें। पानी से अच्छे से धोएं। साफ पानी डालें। आलू को उबलने के लिए गैस पर रखें। १ मिनट
  2. प्लेट में अरहर दाल लें। इसे बीनें और साफ करें। कुकर में डालें, धोएं। साफ पानी डालें। नमक और हल्दी डालें। आंच पर चढ़ाएं। २ मिनट
  3. चावल लें, बीनें और अब इसे धोएं। चावल को भगोने में भिगो कर रखें। १ मिनट
  4. परात में आटा लें। पानी डालें और आटा गूथें। आटे को थोडा लोच देकर चिकना करें और ढककर रखें। २ मिनट
  5. अब तक दाल में उबाल आ रहा होगा। कुकर का ढक्कन बंद कर दें। मध्यम आंच पर एक सीटी लेनी है। इसमें ४-५ मिनट लगते हैं। आप अपना काम चालू रखें।
  6. दोनों गैस व्यस्त हैं तो अगर आपको सलाद काटना है तो फटाफट काट लें। खीरा छीलकर, धोकर काटने के लिए। २ मिनट

अभी तक हमने कुल मिलाकर लगभग ८-१० मिनट लिए हैं।

  1. आलू अब तक उबल गए होंगें - आलू का कुकर हटाकर तवा चढ़ा दें।
  2. अब रोटी बना लें। मान लीजिये आपको ८ रोटी सेकनी हैं तो एक रोटी बनाने में ३० सेकंड्स के हिसाब से ४ मिनट लगेंगे रोटी बनाने में।
roti
रोटी

अब तक लगभग १५ मिनट हो चुके हैं।

  1. दाल अब तक गल गयी होगी। दाल हटाकर चावल चढ़ा दें। रोटी का तवा हटाकर कढ़ाही चढ़ा दें धीमी आंच पर। आलू छीलें। कढ़ाही में तेल डालें। आलू को काटें। तेल गरम हो गया होगा, इसमें जीरा और हींग डालें। मसाले डालें और फिर आलू डालकर भूनें। आलू को भुनने दें। थोडा हरा धनिया काटकर डालें आलू में। लगभग ४ मिनट लिये।
  2. चावल चेक करें। दाल के कुकर की सीटी निकल गयी होगी। दाल में मसाले डालें, हरा धनिया काटकर डालें और नींबू का रस डालें। बीच बीच में आलू चलाते जाएँ। २ मिनट
जीरा आलू

अब तक २२ मिनट हो गए हैं लगभग

  1. आलू अब भुन गए होंगें, आलू को सर्विंग डिश में डालें। कढ़ाही को वापस गैस पर रखें। घी डालें। दाल का तड़का बनायें - हींग जीरे और लाल मिर्च का। तड़के को दाल में डालें। २ मिनट
arhar dal
    चावल चेक करें। अगर मांड निकालकर बनाना है तो मांड निकालें। चावल अब तैयार हैं। २ मिनट
basmati-rice
  1. पापड़ भूनना है तो वो भी भून लीजिये। १-२ मिनट
roasted papad
  1. खाना बन गया है और लगभग ३० मिनट भी हो गए होंगें। दाल, चावल, रोटी, सब्जी को थाली में परोसें। स्वादिष्ट, पौष्टिक थाली अब तैयार है। नीचे लगी फोटो में दही नहीं है लेकिन खाने के साथ दही भी परोसें। दही स्वास्थ्य की दृष्टि से बहुत अच्छा है।
कच्चा खाना
दाल चावल रोटी सब्जी

कुछ नुस्खे और सुझाव

  1. आजकल सब लोग साथ खाना खाते हैं तो रोटी हमने पहले सेक लीं। लेकिन अगर गरम रोटी खिलानी हैं तो काम का क्रम आगे पीछे कर सकते हैं।
  2. हमारे पास कोई बर्तन मांजने वाला नहीं है तो हम लोग साथ के साथ सफाई करते चलते हैं। आटा गूंथते ही इसे एक कटोरदान में रखकर परात हाथ के हाथ साफ कर देते हैं जिससे सिंक भरता नही है। बड़े बर्तन डिशवाशर में भी नहीं डालते क्योंकि यह बहुत स्थान लेते हैं। आलू वाला कुकर साफ है उसे सिंक में रखने की बजाय तुरंत पानी से धोकर टोकरी में रखें। विदेश में रहने वालों के लिए यह सुझाव ज्यादा कारगर है।
  3. यहाँ यह स्पष्ट कर दूं कि मुझे कई तरह के चूल्हों पर और कई परिवेशों में भोजन बनाने का अनुभव है। विदेश में काम के बोझ से दबे हुए हाथ बहुत तेज भी चलते हैं तो हो सकता है आपको ४-५ मिनट ज्यादा लग जाएँ लेकिन यह पूरा खाना बहुत फटाफट बनता है।

आशा है आपको यह लेख पसंद आए.

मैंने कुछ समय पहले कोरा पर भी यह लेख लिखा था. आप कोरा हिन्दी पर भी इस लेख और इससे सम्बन्धित पाठकों की प्रतिक्रिया पढ़ सकते हैं.

शुभकामनाओं के साथ,
शुचि